News
Back
श्री देवनानी ने बर्लिन में निर्माणाधीन गणेश मंदिर का किया दौरा, मंदिर परिसर में प्रतिमाओं के दर्शन कर पूजा-अर्चना की —मंदिर ट्रस्ट प्रतिनिधियो से श्री देवनानी का हुआ संवाद
जयपुर, 24 जून। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को जर्मनी की राजधानी बर्लिन में निर्माणाधीन गणेश मंदिर का अवलोकन किया। श्री देवनानी ने इस मंदिर के निर्माण पर प्रसन्नता जाहिर की। उल्लेखनीय है कि श्री देवनानी वर्तमान में जर्मनी प्रवास पर हैं। श्री देवनानी ने मंदिर में स्थापित प्रतिमाओं के दर्शन किए और पूजा अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशी की कामना की। श्री देवनानी ने मंदिर परिसर का अवलोकन कर यहां स्थापित होने वाली मूर्तियां और अन्य निर्माण की जानकारी ली। श्री देवनानी ने मंदिर के ट्रस्टी श्री विल्वनाथन कृष्णामूर्ति से मंदिर निर्माण के बारे में चर्चा की। श्री देवनानी को श्री कृष्णामूर्ति ने बताया कि इस मंदिर की स्थापना वर्ष 2006 में की गई थी। बर्लिन में सनातन परंपरा के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। यह मंदिर पूजा, विवाह समारोह, गृह प्रवेश और अन्य आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए स्थान भी उपलब्ध कराएगा। श्री देवनानी को बताया कि यह मंदिर जर्मनी का सबसे बड़ा मंदिर होने का गौरव रखता है। मंदिर का निर्माण सनातन, आध्यात्मिक, पारंपरिक, वैदिक और आगम शास्त्रों के अनुसार किया गया है। यह भारतीय संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करता है। मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों ने श्री देवनानी को बताया कि मंदिर का निर्माण श्री विल्वनाथन कृष्णमूर्ति के प्रयासों का परिणाम है, जिन्होंने 50 साल पहले बर्लिन में आकर मंदिर बनाने का सपना देखा था। मंदिर का निर्माण पूरी तरह से जन सहयोग से किया गया है। इसमें किसी भी सरकारी सहायता का उपयोग नहीं किया गया है। यह मंदिर न केवल आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए एक स्थान है बल्कि यह बर्लिन में प्रवासी भारतीय समुदाय के लिए एक सांस्कृतिक केंद्र भी है। यह ऐतिहासिक मंदिर पारंपरिक वैदिक एवं आगम शास्त्रों के अनुसार निर्मित किया जा रहा है। यह मंदिर न केवल आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए एक पवित्र स्थल है बल्कि यह जर्मनी में बसे भारतीय एवं विशेष रूप से तमिल मूल के लोगो के लिए एक जीवंत सांस्कृतिक केंद्र भी बन गया है। श्री देवनानी ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की एवं मंदिर की स्थापत्य कला तथा अन्य गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा किए जा रहे सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा, "यह मंदिर भारत की सनातन संस्कृति, अध्यात्म और आस्था का अद्भुत प्रतीक है। यह जर्मनी की धरती पर भारतीय मूल्यों की एक सजीव उपस्थिति है।" उन्होंने कहा कि यह मंदिर भारत और जर्मनी के बीच सांस्कृतिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने मंदिर निर्माण में लगे सभी कार्यकर्ताओं एवं सहयोग करने वाले लोगों को शुभकामनाएँ दीं।#rajasthannews #currentnews #indianews #politicalnews #newstoday #latestnews #viralnews #todaysnews